Monday, 6 July 2020

आईटीएम की 112 वीं गोष्ठी आभासी रूप में 5.7.2020 को संपन्न

बारिश के इन बूंदों के संग, काश कोरोना बह जाए

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए




बारिश के इन बूंदों के संग,  काश  कोरोना भी बह जाए,
संकट विकट जो खड़ा देश में, ताश के महल सा ढह जाए,
कोरोना  समूल  नष्ट हुआ,  कोई तो कानों में कह जाए,
शोक संताप सब दूर हटे,  दुनियाँ में हँसी खुशी रह जाए I
(-प्रकाश चन्द्र झा) 

कविवर प्रकाश चन्द्र झा जिन्होंने इस कवि गोष्ठी  की अध्यक्षता का भार संभाला उनकी इन पंक्तियों से कार्यक्रम प्रबंधक  (संचालक) अनिल पुरबा ने लगातार चौथी बार सब आभासी रूप में काव्य-गोष्ठी कार्यक्रम का आरम्भ किया। ध्यातव्य है कि पिछले नौ सालों से वरीय नागरिकों द्वारा आयोजित यह मासिक गोष्ठी बिना किसी रुकावट के चलती आ रही है जिसके मुख्य संयोजक विजय भटनागर हैं जिन्हें अनिल पुरबा, विश्वम्बर दयाल तिवारी, सेवा सदन प्रसाद, आदि का समर्थन मिलने के साथ-साथ प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान आईटीएम (जहां यह संचालित होता है) के पूर्व विभागाध्यक्ष चन्दन अधिकारी का भी भरपूर सहयोग मिलता रहा है.

पूरा कार्यक्रम व्हाट्स एप्प ग्रुप में संचालित हुआ. प्रबंधक जिसका नाम लिखते वे अपनी रचना पटल पर डालते. साथ ही अपना चित्र भी और दर्शक गण ताली या फूल के आइकन डालकर उनकी वाहवाही करते. रचना पढ़े जाने के बाद यहाँ की आभासी गोष्ठी में शब्द लिखकर प्रतिक्रिया देना मना होता है ताकि समय ज्यादा न लगे.

इस बार पुनः वंदना श्रीवास्तव के कोकिल कंठ से सरस्वती वंदना के बाद भारत भूषन शारदा के नेतृत्व में सभी ने अपने घर में खड़े होकर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय गान गाया.  फिर शुरू हुआ कवि गोष्ठी का सिलसिला. हर रंग की कवितायेँ  पढ़ी गईं पर कोरोना संकट, चीन सीमा पर शहीद हुए हमारे जवान आदि मुद्दे प्रमुखता से छाये रहे. 

पढ़ी गई कविताओं की झलक प्रस्तुत है - 
....

भारत भूषण शारदा -
जिसे भाल पर गया लगाया किया सभी ने वंदन है
चुटकी भरकर तिलक लगा लो धूल नहीं यह चंदन है!
नदियां जिसकी प्यास बुझाए धरा उगलती सोना है 
अपनी भारत मां का देखो कितना रूप सलोना है!

डा. रामस्वरुप साहू 'स्वरुप' -
हम कितने विश्वास जी गए,
दूर थे कितने पास जी गए।
स्वप्न अधूरे जीवन के हुए पूरे,
प्रकृति परक आभास जी गए।
उलझन जीवन की सुलझाते,
सागर तट पर मोती पा जाते।
निपट निरापद जीवन शैली,
सोम्य सुभग मधुमास जी गए।

रामेश्वर प्रसाद गुप्ता (नवी मुंबई)-
मानव संवेदना क्या मर गयी,
हुये डाक्टर कई लहूलुहान।
जो कोरोना भगाने के वीर है,
कुछ सरफिरे ले उनकी जान।।
मानव.......................... 1

हेमंत दास 'हिम' (नवी मुंबई) -
वबा के इस ज़ोर में हम कैसे करें सलाम    (वबा = महामारी)
भूल गए हैं ख़ुद को और भूले उनका नाम
इक संक्रमण की मिरी जां है तुझसे दरख़्वास्त
तू मुस्कुरा वहीं से और मेरा काम तमाम
क्रोना भगाने में बता, कौन हे ज्यादा हेल्पफुल
बोलूं अल्लाह या मैं जापूं राम राम?

हुनर रसूलपुरी - 
वो उधर मसरूर हैं
तो हम इधर रंजूर हैं ।
अपनी-अपनी आदतों से
दोनों ही मजबूर हैं ।
अब हमारी समत भी कर दे
तू इक नज़र करम
तेरे दर से दूर रह कर
हम बहुत रंजूर हैं
(उर्दू से हिंदी अनुवाद -  विश्वम्भर दयाल तिवारी)

निरूपमा शर्मा (नवी मुंबई)
थके नैन पिंघला है कजरा,
बिंदिया चुप ना खनके कंगना,
रूप निहारूँ दर्पण में क्या,
दर्पण चुप प्रतिबिम्ब ना बोले,
ऐसे में मैं पिया मिलन की,
कैसे झूठी आस लिखूँ।
अब क्या शृंगार लिखूँ।
आया सावन, मेघों का गर्जन,
चमके बिजली ना  चमके मन,
गुम हुई सखियों कि फुगड़ी,
सूने हैं सावन के झूले,
ऐसे में सूखे मन की,
कैसे मैं बरसात लिखूँ ।
अब क्या शृंगार लिखूँ ।

ओमप्रकाश पांडेय -
आओ चलो आज यूं ही मोहब्बत करते हैं।               
 हर किसी के दिलों  में 
कोई न कोई आरज़ू
कोई अरमान हुआ करता है
कुछ स्वपन दिखता है
आंखों में हमेशा
कभी अपने आंखों में
कभी महबूबा  की आंखों में
पर बिना किसी आरज़ू, तमन्ना के
आओ चलो हम
आज यूं ही मोहब्बत करते हैं.......

विमल तिवारी -
जब द्बेष ये मन मे प्रविष्ट हुआ
समझो कि अब कुछ अनिष्ट हुआ,
जब पाखंड मे लिप्त हुए प्राणी,
तब नित्य अदृश्य कुकृत्य हुआ।
हम आदर्श की मूरत जिन्हे समझे,
वे पग पग पर जग से उलझे
आचार - विचार भुला बैठे तो
रोगों से जग ये ग्रसित हुआ।

शमर जुगाड़ देवबन्दी -
आपकी खिदमत में
मुनासिब हो तो मिलने के लिए
गर्दन हिला देना ।
अगर ये भी नहीं मुमकिन
इशारे से बता देना ।
तुम्हें पहचान पाऊँ
ऐसी कुछ तरकीब बतलाओ
नहीं तो बस जरा सा हँस के
बुरका ही उठा देना ।
(उर्दू से अनुवाद  -विश्वम्भर दयाल तिवारी)

डा० हरिदत्त गौतम "अमर" -
शेरों को छेड़ना मौत है दिखलाया गलवान ने।
 प्रलय मचा दी बदला लेने एक एक हिन्द जवान ने।
जर्रा जर्रा थर्राया जब पलटवार की वीरों ने।
वज्र कठोर मुष्टिका पेलीं रगड़  रगड़ रणधीरों ने।

शोभना ठक्कर -
बात सुघर सकति है बात जो हो जाये तो,
बात इतनी सी दोनों को समझ में आ जाये तो .
आप सीधे रस्ते से जा रहे है तो  ठीक हैं,
पर सामने से कोई टकरा जाये तो
.
विजयकान्त द्विवेदी -
संक्रमण फैलाया चीन ने
किया अतिक्रमण भी चीन।
तुरंत किया भारत से  जंग ।
बुद्ध दिया भारत ने जग में
चीन  ना पाक दिये यद्ध ।
द्वेष द्रोह दुषित मानस में
कैसे विचार उठें शुद्ध  ‌।
बर्रबर्रता कर रहा सीमा पर
क्रूर, कपटी लालची  चीन ।
महंगा पड़ेगा पंगा तुमको
अब  होगे  तुम गमगीन  ।

मधु श्रृंगी -
याद आती है चूल्हे की वो रोटियां,
माँ की अंगुली सें गूंथी हुई चोटियां ।
याद आती है झांकी मुझे गावं की ,
खट्टी मीठी सी लटकी हुई इमलियां ।।
दादी उबटन लगाकर नहलाती थी जब,
मैया पलकों में काजल लगाती थी तब ।
बापू खेतों की सैर कराते मुझे ,
हाथ छू आते गेहूं की वो बालियां ।।
याद आती----

सतीश शुक्ल -
चकित पुरुषार्थ साथ वह
चढ़ता जाता लिए सलीब
मनमें आस लिए विस्वास लिए ..
शिखरपर उसे मिलेगा सुखका  सूरज
नंदनवन की सुरभित  हवा
औरसुकून भरी सफलता  .

सत्य प्रकाश श्रीवास्तव -
1. यादों के आयने, मैं खुद धो रहा हूँ।
न जाने ये क्यों अब, सच नहीं बोलते हैं।।
2. आज की दुनियां में,
लोगों की फितरत अजीब है।
कहते हैं खुद से,
मैं तुमको शायद नहीं जानता हूँ।।

विश्वम्भर दयाल तिवारी -
परिजनों से नहीं
अपनों से अधिक
परेशान होता है ।
बुढ़ापा एक दिन
पायदान होता है ।
अपने दर्द की दवा
ढूँढ़ता है घर-बाहर
सब पर अधिक रखे
पर खुद पर कम ध्यान
एहसास में अपनेपन
का मान होता है ।

चन्द्रिका व्यास, खारघर नवी मुंबई -
कौरव पाण्डव के चौसर जैसा
शतरंज का शौक नहीं रखती
ऐसी जीत करूं न हासिल
जो अपनों को खोकर मिलती !
चौसर में पासे फेंक गोटी है 
चलती शतरंज में चले प्यादे
हार जीत की इस जंग में
हारे तो है केवल नारी !

अशोक वशिष्ठ -
अस्सी दिन से भी अधिक ,  बैठे घर में बंद।
फीके-फीके-से लगें ,  जीवन के सब छंद ।।
जीवन के सब छंद  , न बाहर आना - जाना।
जिनसे मिलते गले , न उनसे हाथ मिलाना।।
कोरोना का काल , बीतता घंटे गिन - गिन ।
बाहर ख़तरा बहुत , रहें घर में कितने दिन ।।

पुरुषोत्तम 'उत्तम' -
कभी प्यार का यूँ ही इज़हार मत कर
किसी राह चलते का एतवार मत कर ।
देखो परख अब दिल लगाने से पहले
किसी गैर को जाँ का हकदार मत कर ।
चैन-ओ-अमन हो , जिंदगानी बशर हो
खौफ़ से जमाने को शर्मशार मत कर ।

दिलीप ठक्कर "दिलदार" -
फिर भी मैं ने
दस रुपये की नोट उसकी और की
वह बोल पडी
"बलून नहीं तो पैसे नहीं
और
मुस्कुरा कर चली गई "

वन्दना श्रीवास्तव -
हमने भी बंद कर दिए रस्ते, वो भी फिर लौट कर नहीं आया।
उनको उस दौर में भी मुश्किल थी, हमको ये दौर भी नहीं भाया।
देखकर आदमी की फितरत को, दिले हैवान आज घबराया।

अनिल पुरबा -
साजन के पधारने से आनंदित था मन,
वर्षा ऋतु का भी हो आया था आगमन,
अब उसके संसार में स्वच्छंद उमंग  थी,
एक नए युग के आरंभ की तरंग थी I
धरा भी उत्साह से प्रफुल्लित हो उठी,
वर्षा भी बरसने में पूर्णतया आतुर थी,
दोनों के अंतर्मन में उमड़ा प्रेम का सागर,
सारी कायनात ने कर लिया विशेष शृंगार I
.
अशोक 'यारनिर्विकार' -
पिंग पिंग करने वाले
सभी खिलौने फेंकेंगे
बच्चों को सिखला देंगे
खो खो कबड्डी खेलेंगे
खेलों के आरंभ अंत में
हुंकार करेंगे हम
वंदे मातरम वंदे मातरम
दिन छोटे हों या बड़े हों
या कठिनाई भरे पड़े हों
भारत मां के फौजी जैसे
सीना ताने रहेंगे हरदम
कभी नहीं भूलेंगे हम
वंदे मातरम वंदे मातरम

किशन तिवारी, भोपाल -
भीड़ भरा चौरस्ता हूँ मैं घर की एक डगर है माँ
और उम्र कटगई सफ़र में जब भी लौटा घर है माँ
आता नहीं समझ जब कुछ भी बेचैनी बढ़ जाती है
पीड़ाएँ पढ़ लेती मेरी रखती एक नज़र है माँ
रोज़ बदल लेता हूँ चेहरे अपना चेहरा भूल गया
आंचल में रखती सहेज कर आईना भीतर है माँ
आज छोड़ कर तुझे अकेला आया महानगर लेकिन
सागर में तूफ़ान उठा है कश्ती भी जर्जर है माँ

विजय भटनागर -
सब यह, कह सकें देश मे, इस वर्ष, अमन चैन की बारिश है,
ऐ वर्षा हर भारतीय की तुझसे यही गुजारिश है।
अब कोई रस्सी गले का फंदा ना बने हमारे देश में,
इस वर्ष देश में हो सही बारिश प्रभु से यही फरमाइश है ।
सदियों से मेहनतकस किसान ने जी तोड़ मेहनत की
बताओ क्यों घर कच्चा, बेटा नहीं पढ पाता इंग्लिश है।
किसान परेशान हो आ जाते शहर में मजदूर बनकर
फिर भी नसीब नहीं बदलता उनका ये कैसी साजिश है।
सदियों में ही कोई किसान बन पाया हो सरदार पटेल
बेमौत मरता किसान, गर समय से होती नहीं बारिश है।

नेहा वैद्या -
धृष्टता पर धृष्टता करता रहा दुश्मन कि हम,
चुप रहेंगे कुछ न बोलेंगे सहेंगे हर सितम
भावना प्रतिशोध की मन में न लाऊं किस तरह
आज दुश्मन को दिलानी याद ऐसे युद्ध की,
थी चटाई धूल जब धरती ने गौतम बुद्ध की
शौर्य के जयघोष मैं जो न लगाऊं किस तरह
शोक में है देश सारा गुनगुनाऊं किस तरह।

प्रकाश चंद्र झा (अध्यक्ष) -
कोरोना    अगर    करता   रहेगा,
लोगों  को  यूँ   ही  रोज  बीमार.
कितना जटिल यह जीवन होगा,
कैसे   चलेगा  अब  यह  संसार.
नहीं किसी के घर आना जाना,
ना ही मिलने जुलने का संयोग.
सुख – दुख  कैसे  मिल बाँटेंगे,
आपस में घर परिवार के लोग.

इस तरह से प्रेम और सद्भाव के माहौल में अध्यक्ष की अनुमति से कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा हुई और सभी सदस्यों एवं मुख्य संयोजक विजय भटनागर ने कार्यक्रम-प्रबंधक (संचालक) अनिल पुरबा को सफल संचालन हेतु बधाई दी क्योंकि आभासी (ऑनलाइन)  गोष्ठी में उनका दायित्व और बढ़ जाता है.
.......

रपट की प्रस्तुति - हेमन्त दास 'हिम'
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईडी - editorbejodindia@gmail.com





























Saturday, 4 July 2020

अजगैबीनाथ साहित्य मंच सुलतानगंज, भागलपुर द्वारा अंतरराष्ट्रीय आभासी कवि गोष्ठी 28.6.2020 को संपन्न

चीनी उत्पादों के मोह में फँसकर अपने ही सैनिकों के लिए कफन खरीद रहा हूँ

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए


(श्री भावानन्द सिंह प्रशांत सुल्तानगंज, भागलपुर में रहनेवाले एक अत्यंत सक्रिय साहित्यकार हैं जो लगातार अनेक साहित्यिक गतिविधियों में शामिल रहते हैं और दूसरों को भी प्रेरित करते रहते हैं. वो एक काव्य संस्था के अध्यक्ष भी हैं जिसके द्वारा हाल ही में एक अंतरराष्ट्रीय गोष्ठी आयोजित की गई जिसकी रपट नीचे प्रस्तुत हैं. - समादक) 

दिनांक 28/6/2020 रविवार को अजगैबीनाथ साहित्य मंच सुलतानगंज ,भागलपुर के बैनर तले अंतरराष्ट्रीय आनलाईन कवि गोष्ठी का आयोजन मंच के संस्थापक सदस्य डा. श्यामसुंदर आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें विदेश के अंतर्गत अमेरिका के फ्लोरिडा, युरोप के बेल्जियम तथा भारत से राज्यों राजस्थान, उत्तरप्रदेश, नयी दिल्ली, मध्यप्रदेश, बिहार के कवियों ने कविता पाठ किया जिसके अंतर्गत लखनऊ, जौनपुर, कोटा, जयपुर, शिवपुर, मुंगेर, भागलपुर, बांका, खड़गपुर, बरियारपुर, सुलतानगंज के कवियों ने काव्य धारा को वेब साहित्यिक आकाश में प्रवाहित किया ।

कार्यक्रम का संचालन मंच के अध्यक्ष भावानंद सिंह प्रशांत ने किया और संयोजन खड़गपुर के सिद्धहस्त शायर ब्रह्मदेव बंधु ने किया। बिहार से बाहर के सभी आमंत्रित कवियों को मंच की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 

सर्वप्रथम कविता पाठ जयपुर राजस्थान के कवि अरूण धर्मावत ने किया। उन्होंने कहा -
पलभर में निगाहों के मंजर बदल गये ,
हम अपने ही शहर में दरबदर हो गए।

शहीदों की याद में जौनपुर उत्तरप्रदेश के कवि रंगनाथ दूबे ने कहा - 
उफ ! उस लम्हे को उसने कैसे सहा था ? 
जब तिरंगे में लिपटे हुए ...अपने शौहर को उसकी बेवा ने लव यू कहा था ।

लखनऊ से क्रांतिकारी शायर कुमार अतुल ने देश के सैनिकों के सम्मान में कहा -
तिरंगे की हिफाजत में हम अपनी जान रखते हैं,
हम हर मजहब से पहले दिल में हिन्दुस्तान रखते हैं ।

बेल्जियम (युरोप) से शायर कपिल कुमार ने अपनी गजल में कहा - 
बात उसने कही नहीं होती, फिर कहा सुनी नहीं होती 
जला तो दें अपना घर , ऐसे तो रोशनी नहीं होती।
सभी के बाजू में झूठ होते  हैं, बात हरेक सही नहीं होती ।

वहीं फ्लोरिडा अमेरिका से कवियित्री आशा मुखारया ने अपनी कविता हवा व जीवन के माध्यम से कहा -
 मैने मन में , लोगों के प्यार को कैद करना चाहा ,
पर मन को ठेस लगी, और अपनापन चला गया ।

नयी दिल्ली से कवि रामकृष्ण शर्मा ने कहा -
प्यार दिल में अब भी मचलता रहता है, 
ख्याल दिल में हर वक्त चलता रहता है । 

शिवपुर मध्यप्रदेश से कवि अनिल अनमोल ने कहा - 
मेरी आँखों से बरसाती बून्दों का खुशियों का सावन कर दो , 
खुशबू घोल दे जुल्फों की ,फिजाओं मे ये मौसम मनभावन कर दे ।

वहीं मोहन गार्डेन दिल्ली से शायर रईस सागर ने अपनी गजल में अपने देश को प्राथमिकता दी और कहा -
 हर कली गुल चमन में मेरा हिन्द है ,
 जिस्म -रूह औ जेहन में मेरा हिन्द है ।

कोटा से कवि -गीतकार नवीन गौतम ने अध्यात्मिक गीत सुनकर मन मोह लिया -
ये दुनिया तो इक मेला है ,है ये सबको ध्यान ,
नहीं भूलना ईश्वर को भी, यही मोक्ष का ज्ञान।

खड़गपुर से शतदल साहित्यिक पत्रिका के संपादक कवि प्रदीप पाल ने अपनी कविताओं में समकालीन विषयों को रखते हुए कहा -
गौछी घर का शगुन ,आँचल में बाँधकर जार ही है 
धनरोपनियाँ ,कादो -कीचड़ में सजाएगी ,
बिचड़े से धन क्यारियाँ, और गाऐंगी कजरी -बारहमासा। 

मुंगेर के जाने माने शायर विकास ने अपनी गजल में कहा -
जब रातों की बांहों में खो जाता हूँ ,
कुछ -कुछ उसके ख्वाबों में खो जाता हूँ ,
आंगन, दर्पण दामन ये सब देखूं तो ,
अपने घर की यादों में खो जाता हूँ।

वहीं कार्यक्रम के संयोजक खड़गपुर के ख्यातिलब्ध शायर  ब्रह्मदेव बंधु ने गरीबों की मुफलिसी पर कहा -
जो रखी सीने में कैसी आग है बाबा,
लव पे कोयल और दिल में आग है बाबा, 
भूख से बेसुध पड़ी आँतों  से पुछो तो, 
क्या दिवाली क्या फाग है बाबा। 

मंच के अध्यक्ष. भावानंद सिंह प्रशांत ने देश की सीमाओं पर दुश्मन देश के वर्तमान हालात पर देश के नागरिकों को अगाह कर  कहा - 
 चीनी उत्पादों के मोह में फँसकर, 
अपने ही सैनिकों के लिए कफन खरीद रहा हूँ ।

वहीं लोहची बरियारपुर मुंगेर के गजलगो शायर ने कहा - 
पैमाने से छलकती मय, मयकशों की नादानी से, 
कश्मीर का टुकड़ा हुआ तो पुछेंगे हिन्दुस्तानी से ।

मंच के संस्थापक सदस्य डॉ. श्यामसुंदर आर्य ने कहा -
आप हमसे दूर क्यों होने लगे, कटे कटे से दूर क्यों रहने लगे ।

वहीं मनीष कुमार गूंज ने अंगिका में सेना के पुकार को सुनाया, कहा -
चुपचाप रहो हो भाय ,
लागै छै सीमा पर पुकारै छै ,हमरो भारत माय .।..

युवा कवि एम. सलमान बी. ने मजदूरों की व्यथा को अपनी कविता में रखकर कहा -
ऐ शहर ! कितनी उम्मीदें लेकर आया था तेरे पास ,
ऐ शहर ! आँखों में कितने सपने आया था तेरे पास ।

अंत मे मंच के  कवियों द्वारा  सीमा पर शहीद हुए जाँबाज सिपाहियों की शहादत पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर  कवि गोष्ठी की समाप्ति की घोषणा अध्यक्ष द्वारा की गई ।
.....

रपट की प्रस्तुति - भावानंद सिंह 'प्रशांत'
प्रस्तोता  का ईमेल आईडी - bhawanandsingh61162@gmail.com
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईडी - editorbejodindia@gmail.com

Wednesday, 1 July 2020

भा. युवा साहित्यकार परिषद का आभासी कवि सम्मेलन 28.6.2020 को सम्पन्न

 अपना वजूद फिर भी बचाए हुए हैं हम
कविता सिर्फ अंतरात्मा को ही नहीं जगाती है बल्कि वह हमारी जिंदगी का प्रतिनिधित्व भी करती है - सिद्धेश्वर 

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए



किसी भी समाज में हर समय अधिकांश जनता मूक होती है। न तो अच्छे कामों में साथ देने आगे आती है न अन्याय होने पर प्रतिरोध करती है। मगर ऐसे में तो अच्छाई करनेवालों का मनोबल टूटेगा और बुराई करनेवालों का बढेगा। आखिर किसी को तो जनता की आवाज बनाकर आना होगा। और इसलिए कवियों को गूंगे की जुबान कहा जाता है।  एक कवि हर चीज के प्रति संवेदनशील होता है - स्वयं के प्रति, समाज के प्रति और देश के प्रति भी। किसी भी स्तर पर जब उसे विरूपता नजर आती है तो वह बर्दाश्त नहीं कर पाता है। वह समाज और राष्ट्र का सबसे सजग और जिम्मेवार व्यक्ति होता है। यह जिम्मेवारी लॉक डाउन काल में और बढ़ जाती है क्योंकि परस्पर दूरस्थ कवियों को एक आभासी मंच पर लाना और कार्यक्रम संचालित करवाना अपने आप में सबसे बड़ी जिम्मेवारी है। इन दिनों पटना से  इस जिम्मेवारी को निभाने वालों में सिद्धेश्वर जी महत्वपूर्ण हैं जो पूरे देश और अक्सर विदेशों से भी साहित्यकारों से संपर्क कर एक मंच पर इकट्ठा करते हैं वह भी नियमित रूप से।.आइये देखते हैं उनके नवीनतम कार्यक्रम की रपट (- हेमन्त दास 'हिम') 

भारतीय युवा साहित्यकार परिषद के तत्वाधान में. फेसबुक के "अवसर साहित्यधर्मी पत्रिका" के पेज पर आनलाइन अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देश- विदेश के नए-पुराने कवियों ने अपनी गीत- गजल और समकालीन कविता से सबको मन मुग्ध कर दिया।.   

कवि सम्मेलन के संयोजक ने संचालन के क्रम में सिद्धेश्वर ने कहा कि -"ऑनलाइन कविताओं की प्रस्तुति ने समकालीन कविता को आम पाठकों- दर्शकों से जोड़ने का सकारात्मक पहल किया है। हमारी संस्था की इस पहल ने देश भर की संस्थाओं को इस इंटरनेट के मंच पर उतारा है, जो कविता और लघुकथा के लिए शुभ संकेत माना  जा सकता  है।" उन्होंने कहा कि कविता सिर्फ अंतरात्मा को ही नहीं जगाती है, बल्कि वह हमारी जिंदगी का प्रतिनिधित्व भी करती है। "

कवि सम्मेलन की  मुख्य अतिथि वरिष्ठ शायर सुशील साहिल (झारखंड) ने कहा कि-" आनलाईन कवि सम्मेलन ने एक जबरदस्त साहित्यिक महौल पूरे देश भर बनाया है। देश - विदेश के लगभग पचीस कवियों और कवयित्रियों का एक मंच पर आकर काव्य पाठ करना, अनोखा और अद्भुत है। ।अन्य आनलाइन की अपेक्षा, अवसर साहित्यधर्मी पत्रिका का बहुत बड़ा पाठकवर्ग है जिसके पीछे सिद्धेश्वर जी की मेहनत है।
                              
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए, वरिष्ठ कवयित्री संतोष गर्ग (चंडीगढ़) ने  कहा कि - इंद्रधनुषी कविताओं के रंग सभी कवियों ने बिखेरे। कवियों की रचनाएं बहुत ही हृदय स्पर्शी, प्रेरक, संदेश वाहक थीं और खूबसूरत भी..! उनमें वीर रस, हास्य रस, करुण रस कई प्रकार के रस ...वर्तमान स्थितियों पर संदेश देती रचनाएं प्रस्तुत की गई। 
कवि-गोष्ठी  में शामिल कवियों में प्रमुख थे - सुशील साहिल, अमलेंदु आस्थाना,  नूतन सिंह, मधुरेश नारायण, सिद्धेश्वर,  शमां कौसर शमां, सम्राट समीर, दिलीप कुमार,  भारत भूषण पांडेय, घनश्याम, विजय किशोर मानव,  सुषमा बेदी (न्यूयार्क), मीना कुमारी परिहार, राजकुमार कुंभज, बिंदेश्वर प्रसाद गुप्ता, संजीव प्रभाकर (गांधीनगर), प्रियंका श्रीवास्तव "शुभ्र" सम्राट समीर, जया शुक्ला,  डी एन पटेल . प्रियंका त्रिवेदी (भोजपुर) , कुंदन आनंद  , पुष्प रंजन कुमार , वीणाश्री हेम्ब्रम आदि।

 कवि सम्मेलन में शामिल कवियों की कुछ कविताओं का अंश -

सुशील साहिल (झारखंड) :(मुख्य अतिथि) ने  हर  बूँद के भंवर हो जाने सी स्थिति बताई -
"जब मौन मुखर हो जाए
    हर बूंद भंवर हो जाए
    हमको अल्लाह, उन्हें
     भगवान का डर हो जाए! "

अमलेंदु आस्थाना (विशिष्ट अतिथि)  ने मायूस होकर अपने प्रिय को पूरा शहर ही लौटा दिया - 
 "चलो यह शहर तुम्हारे नाम करता हूं
जहां के लोग तुम्हारे हों
सारे  लोग तुम्हारे हों
सारे पेड़ तुम्हारे हो
 तुमको तुम्हारा शहर मुबारक
 मैं अपनों के साथ लौट रहा हूं ।"

 वीणाश्री हेम्ब्रम  बच्चो को मजदूरी करते देख संवेदित दिखीं -
    मैं देखती हूं नन्हे पांव को
   उनमें पड़े घाव को/ थके चले आते मजदूर   
      बोझ उठाते हैं माओं को !"

नूतन सिंह :(विशिष्ट अतिथि), जमुई ने संसाधनों के सही जगह इस्तेमाल न कर दूसरी जगह इस्तेमाल करने पर कटाक्ष किया - 
" गगन का लगता जो फेरा  है बादल
   समझता तू खुद को चितेरा है बादल।
    गरजता कहीं है, बरसता कहीं है। 
    ठिकाना नहीं कुछ भी तेरा है बादल ।"

मधुरेश नारायण ने अपने प्रिय को शाम की तन्हाइयों में लौट आने का आमंत्रण दिया -
 शाम की तनहाइयों में तुम चले आओ।
जाओ कहीं भी दूर मगर ,लौट के आ जाओ...!"

 सिद्धेश्वर नफ़रत के समंदर को पार करके प्यार करते रहे -
"कर्म  किए जा , और  जीए  जा 
   सुकरात की तरह जहर पिए जा।
     नफरत का समंदय तैर पाओ तो
 सारे जग से    प्यार  किए  जा.। "

शमां कौसर शमां ने इश्क के बड़े नाज़ुक जज़्बात रखे- 
    जज्ब-ए-इश्क को यारों ने संभाले रखा
     जैसे खुशबू को गुलाबो ने संभाले रखा।" 

 सम्राट समीर कोरोना काल में भी बिंदास रहनेवाले शायर हैं -
    जिंदगी में आज कुछ खास है
     अब रहना हर दम बिंदास है। "

 दिलीप कुमार ने जिंदगी के फलसफे को गाड़ी में यात्रा करने के अलफ़ाज़ में बयाँ किया- 
" बड़े-बड़े शिकायतों के साथ
  शुरू होता है लंबा सफर
   कभी गाड़ी देर/ कभी गाड़ी में अंधेर।

 भारत भूषण पांडेय - एक सूक्ष्मदर्शी कवि हैं जो जानते हैं कि उड़ने के लिए पंख ही नहीं आकाश भी चाहिए होता है 
       " बस खुदी में आस देना
          जीत का विश्वास देना।-
            पंख जो तूने दिए हैं 
             उड़ने को आकाश देना।

घनश्याम एक मंझे शायर ही नहीं नागरिक भी हैं जो सताने के बावाजूद भी बचना जानते हैं -
" यह बात सही है कि सताए हुए हैं हम
   अपना वजूद फिर भी बचाए हुए हैं हम। "  🌓 

विजय किशोर मानव  अपनी कविता देनेवाले हैं.

  , सुषमा बेदी (न्यूयार्क)  को न्यूयार्क से भारत में कोई परिवर्तन नहीं दिख रहा है - 
      "सब तो वैसा का वैसा है!
         वही मंदिर के कलश
           वैसे ही गुंबद!"

 राजकुमार कुंभज ने अपनी उलझन को कुछ यूं बयां किया -
        कटी पतंग सा /बिजली के तारों पर    
          उलझा पड़ा हूं मैं!"

संजीव प्रभाकर (गांधीनगर) :ने आशावादिता का परचम लहराया -
"मोहब्बत रंग लाएगी वफाओं का असर होगा
  यकीनन चांद तारों से सजा अपना सफर होगा। "

प्रियंका श्रीवास्तव" शुभ्र " ने महिला बाल श्रम पर बहुत मार्मिक पंक्तियां पढ़ी -
 आंखों में आंसू लेकर मुनिया
  ढोती है माथे पर दुनिया । "

मीना कुमारी परिहार  ने धर्म की सीख का पालन करने की बात की जिसमें शरणागत की रक्षा शामिल है -
" सभी मज़हब सिखाते हैं
शरण में गर कोई आये
तो अपनी जान से ज्यादा
हिफाज़त कीजिये साहब
अगर कर पायें तो इतनी सी
इनायत कीजिये साहब! "

प्रियंका त्रिवेदी (भोजपुर) अपने ग़मों को भूलकर भी खुशियाँ बांटनेवालों में से हैं -
 सफर - ए-जिंदगी सबकी /आसान नहीं होती
जो भूलकर के अपने गमों को /औरौं में बांटते खुशी।

बिंदेश्वर प्रसाद गुप्ता  ने धर्म के नाम पर सामाज में आग लगानेवालों की पोल खोल दी -
 " यह कैसा धर्म है?
  जिसकी कोख में जन्म लेता है     
  साप्रंदायवाद, अराजकता और आतंकवाद    
   और बेच डाले हैं, अपने ही संस्कार!! 

 कुंदन आनंद  जवांदिल शायर हैं तो नज़रें तो मिलेंगी है -
" दिल पर होता है जब एक अजब सा असर 
तुम मिलाते हो जब भी नजर से नजर !" 

  पुष्प रंजन कुमार  ने वृक्ष रोपने की विधि का चित्रण किया -
      काटा  मिट्टी फाड़ से
      निकाला पानी पाताल से.!
 मिलाया गुत्था दोनों का 
    डाल ठूंसा, सांच. में। "
---
रपट की प्रस्तुति - सिद्धेश्वर / हेमन्त दास 'हिम'
प्रस्तोता का ईमेल आईडी - 
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईडी - editorbejodindia@gmail.com