Thursday, 18 June 2020

चल पड़े बाँध कर अपने सर पे कफन / भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि

कविताएँ 

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए




1. देश पे कुर्बान हो गया ये अमन है! / हरिनारायण सिंह 'हरि'

कवि - हरिनारायण सिंह 'हरि'


देश पे कुर्बान हो गया ये अमन है!
भारती के पुत्र सौ-सौ बार नमन है!

सरहद मुफीद हो कि बचे आन देश की,
इस वास्ते अमन ने लिया ओढ़ कफन है!

यह चीन दुष्ट है कि बड़ा धोखेबाज है,
फूल को मसला, किया वीरान चमन है!

मार कई दुश्मनों को सो गया आखिर,
ये लाश नहीं देश का अनमोल रतन है!

ये धन्य धराधाम, पुत्ररत्न अमन है,
इसको सलामी दे रहा ये पूर्ण वतन है!
(अमन मोहीउद्दीन नगर के गांव सुलतानपुर पूर्व के सुधीर सिंह का सुपुत्र था।)

....


शहीदों को नमन / अर्जुन प्रभात  
                    
भारत-चीन सीमा पर चीनी सैनिकों के साथ हुए झड़प में शहीद हुए हमारे देश के वीर जवानों को भाव भीनी श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित रचना ।
     
कवि - अर्जुन प्रभात 

हमवतन , हमवतन, ऐ मेरे हमवतन 

उन शहीदों को आओ करें हम नमन।


अपने सरहद पे आया है तूफान जब

देश ने लाड़लोंं को किया याद जब 

चल पड़े बाँध कर अपने सर पे कफन

उन शहीदों को आओ करें हम नमन ।



मोह ममता में बंध के रुके वो नहीं 

मौत के खौफ से भी झुके वो नहीं 

छोड़ कर चल पड़े अपना प्यार भवन।

उन शहीदों को आओ करें हम नमन ।



दुश्मनों के वो छक्के छुड़ाते रहे 

पर्वतों में भी राहें बनाते रहे 

रुक न पाए कभी उनके बढ़ते कदम

उन शहीदों को आओ करें हम नमन।



खेलते ही रहे खून की होलियां 

हँस के सीने पे झेले कई गोलियां

खुद मिटे, पर बचाया वतन का अमन

 उन शहीदों को आओ करें हम नमन।



उनके बलिदान का गीत गाते हैं हम

उनके चरणों में सर को झुकाते हैं हम

हम चढ़ाते उन्हें नित्य श्रद्धा सुमन 
उन शहीदों को आओ करें हम नमन।


-----



मेरा भारत महान, बहादुर बलवान/ जगदीप सिंह मान 'दीप 


कवि - जगदीप सिंह 'मान'


मेरा भारत महान, बहादुर बलवान


नजरें मत लगा तू इस पर चीन

है हमारा गलवान

घाटी में टकराई हैं लाठियों से लाठी

भारत की माटी भारत की ही रहेगी, गलवान घाटी

भारत ने बनाई हैं अपनी भूमि पर सड़क

इस विवृत विकास को देखकर वो गया है भड़क

उसकी तो कभी से रही है विस्तार नीति भावना

अब भारत पूरी नहीं होने देगा उसकी ये कामना

वो तो करता ही रहा है सदैव ही विश्वासघात

है उसकी पुरानी आदत

मुंँह पर कुछ और पीछे से करता है आघात

 अब यथोचित होगा जवाब

भारत नहीं झेलेगा शरारत


गलवान घाटी की तरफ देखने की तू मत कर हिमाकत

बलिष्ठ भारत अब दिखा देगा अपनी आज की ताकत

अब ज्यादा दिन नहीं चलेगा चालू तेरा नाटक

भारत सक्षम है तोड़ देगा अब तेरे सारे फैलावी फाटक
-------------

कविगण -  हरिनारायण सिंघव 'हरि' / अर्जुन प्रभात / जगदीप सिंह 'मान
कविगण का ईमेल आईडी -hindustanmohanpur@gmail.com / arjunprabhat1960@gmail.com /  jagdeepmaan1044@gmail.com 
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईडी - editorbejodindia@gmail.com

चित्र हरेराम प्रसाद के पटल से साभार



Tuesday, 16 June 2020

रूप रंग, गंध मिली .. / कवि - राघवेन्द्र तिवारी

 अभिनवगीत

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए )




काव्य में गद्य की अपेक्षा लालित्य और आकर्षण अधिक होता है. साथ ही आकार में तुलनात्मक रूप से लघु होने के कारण एवं अपने शिल्प और पैनापन के कारण कम समय में अधिक प्रभाव डालने में सफल होता है. पिछले पचास से भी अधिक वर्षों में इसके स्वरूप में कायापलट हो चुका है और इसने अपने परंपरागत गुण - रस, छंद और अलंकार की बजाय मात्र भाव और विचार को अपना अनिवार्य अंग मान लिया है. किन्तु इस कारण इसमें रूपात्मक सौन्दर्य, ध्वन्यात्मक माधुर्य, लयात्मकता और प्रवाहमयता में गुणात्मक रूप से कमी आई है. फलस्वरूप यह जनसामान्य (जो स्वयं रचनाकार नहीं हैं) से कट गया है और मात्र रचनाकारों व गम्भीर बौद्धिक वर्ग के बीच में सिमटता जा रहा है. हालांकि बौद्धिक वर्ग और रचनाकार वर्ग तक सीमित रहकर  समकालीनव  विमर्श का अपनी समग्रता और प्रखरता के साथ कायम रहना भी अपने-आप में महत्वपूर्ण है क्योंकि उनके बिना तो साहित्य, समाज का दर्पण नहीं रह जाएगा और अपनी परिधि को सीमित कर लेगा. किंतु व्यापक पाठकवर्ग तक पहुचना भी एक अनिवार्य लक्ष्य है अन्यथा स्वयं काव्यकर्म का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है. पाठकों को रुचिकर ढंग से अपनी बातें पहुँचाने में ग़ज़ल बहुत सशक्त और सफल विधा रही है और ख़ूब चल रही है. दूसरी विधा 'गीत' ने अपने-आप को नवगीत और अभिनव गीत के रूप में अवतरित किया है जिसमें वह शब्द-संयोजन और ध्वनि-सौंदर्य का पूरा ध्यान रखता है लयात्मकता को पूरा महत्व देते हुए. मेरे ये विचार एक पाठकीय विचार माने जा सकते हैं और विद्वद्जन भी इन बिंदुओं पर काफी कुछ विमर्श कर रहे हैं. (हेमन्त दास 'हिम')

हम यहाँ अभिनवगीत के सशक्त हस्ताक्षर श्री राघवेंद्र तिवारी के कुछ अभिनव गीत प्रस्तुत कर रहे हैं  -



अभिनवगीत- 1.

रूप , रंग, 
गंध मिली
चम्पा की
भाँत   री

इस लिये
नहीं आई
भँवरों की
पाँत   री

देह सभी
है गीली
मौसम की
तब्दीली

कौन
लगाये बैठा
इस पर था
दाँत     री

बस रख तू
तसल्लियाँ
कहतीं हैं 
निठल्लियाँ

कौन तुझे
दे सकता
जीवन मे
मात    री

हिरदय के
घावों    में
ऋतु     के   
पछतावो में

उघड़ रही
जोबन की
ढीली सी 
कनात री

सब कुछ
है नारंगी
बजती 
ज्यों सारंगी

ऐसे क्यों
टूट गई
सुर वाली
ताँत   री

भूख प्यास
चली गई
ऐसी क्यों
छली गई

कहते हैं
सूख गई
अंतर की 
आँत   री

कोई ना
अब सुनता
बढ़ी जा 
रही चिन्ता

समझ रही
अपने को    
हूँ बेहद   
अनाथ री....
....



अभिनवगीत-2 

सीधी सरल अपरिमित रेखा
व्यथा समर्थित यहाँ गेय है
जीवन स्थिति अनसुलझी
सी एक प्रमेय है

चढ़ी धूप सीधे पृष्ठों पर
वृत्तमान  जैसी
एक बिन्दु से बिखर
फैलते प्रावधान जैसी

मौन धैर्य को रख
बुजुर्ग सा गणना करता
मौसम कहता चुप रहना
क्यों यहाँ ध्येय है

रेखागणित अँधेरे का
क्यों फैला है नभ में
इस विकर्ण का कोण विषम
क्यों इस मन हतप्रभ में

प्रश्न कि जिसके आयत का
सम्पूर्ण सृजन करते
चिन्तन में उपपत्ति सम्हाले
हुये श्रेय है

किस गरीब रेखा पर ठहरे
मुख्य बिन्दु जैसा
रुका हुआ है स्वयं सिद्ध
हर आकृति पर वैसा

जिसका जो उद्देश्य
पता है नहीं अभावों में
किन्तु यहाँ ठहरी नीरवता
ही विधेय है
...


अभिनवगीत-3 


किस निमित्त
खींच गये
एक बहुत
बड़ा वृत्त

मध्य में
अवाधित हैं
अनचाही
धारायें
परिधि- परिधि
आ सिमटे
अर्धव्यास
त्रिज्यायें

शून्य हुआ
सांख्य- वित्त
सभी कोण 
बहुत -रिक्त

झुकी झुकी
लगती है
उपपत्ति
कर्ण पर
स्वयं सिद्ध
तो थी जो
भी अपने
वर्ण पर

संभावित
मिष्ट -तिक्त
बढ़ा है 
प्रमेय -पित्त

जो भी था
जैसा भी
सादा सा
लिखित -पठित
सारा कुछ
सिमट -सिकुड़
जाहिर
रेखागणित

रेखायें
शांत -चित्त
स्वीकारें
प्रकृति -दत्त
....

कवि - राघवेन्द्र तिवारी
कवि का ईमेल आईडी - raghavendra53tiwari@gmail.com
कवि का प्रोफाइल - यहाँ क्लिक कीजिए
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईडी - editorbejodindia@gmail.com

Monday, 15 June 2020

भारतीय युवा साहित्यकार परिषद् की आभासी गोष्ठी 14.6.2020 को संपन्न

जड़ हो गए हमारे समाज में तमाशबीन बने मित्र और पड़ोसी

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए )



एक मानव अपने जीवन को जैसा जीना चाहता है उसकी एक लय होती है अर्थात वह पद्यमय होता है और जैसा उसे जीना पड़ता है वह बिलकुल अव्यवस्थित अर्थात गद्यमय होता है। कहानी सिर्फ घटनाक्रमों के एक संयोजन मात्र को नहीं दिखाती है बल्कि वह उसके ऐसे प्रस्तुतीकरण में भी निहित होती है जिससे मानव जीवन से सम्बंधित कुछ महत्वपूर्ण अभिप्राय स्पष्ट होते हों। कहानी में जिस विस्तार से आप किसी परिस्थिति को दर्शा सकते हैं वह कविता या पद्य की किसी विधा के द्वारा या तो असंभव है या उसे उसके सौन्दर्य और सुग्राह्यता पर गंभीर आधात किये बिना संभव नहीं है। अतः इस परिप्रेक्ष्य में भा. युवा साहित्यकार  परिषद के द्वारा आयोजित "आभासी कहानी के पाठ का कार्यक्रम" का भी अपना महत्व है। (-हेमन्त दास 'हिम'')

14/06/2020! भारतीय युवा साहित्यकार परिषद, पटना के तत्वावधान में फेसबुक के "अवसर साहित्यधर्मी पत्रिका" के पेज पर "हेलो फेसबुक कथा संगोष्ठी" में कुछ लब्ध प्रतिष्ठित कथाकारों  के साथ युवा साहित्यकारों ने भी अपनी  कहानियों का पाठ कर अपनी- अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज की।

गोष्ठी के संयोजक थे कवि- कथाकार सिद्धेश्वर ! साहित्य सृजन के क्षेत्र में,पिछले 40 वर्षों से भी अधिक से कार्यरत भगवती प्रसाद द्विवेदी ने अपनी कहानी "बाट जोहते हुए" में सच्चाई और नैतिकता को और अपने जीवन का आदर्श समझने वाले पात्रों को, बड़े ही मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया है। जड़ हो गए हमारे समाज में तमाशबीन बने मित्र और पड़ोसियों की शर्मसार स्थिति को बड़ी बेबाकी के साथ, अपनी कथा में उन्होंने  पिरोया है।

दूसरी तरफ चर्चित कथाकार जयंत की कहानी "वह शाम" युवाओं को गुदगुदाती है, तो प्रबुद्ध पाठकों के लिए एक सकारात्मक सोच भी दे जाती  है। उनकी कहानी की प्रासंगिकता स्वयंसिद्ध है।

युवा लेखिका नीतू सुदीप्ति 'नित्या' ने अपनी मात्र एक कथा संग्रह- "छंटते हुए चावल" से कथा जगत में अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हुई है। उनकी कहानी "कमी नहीं कामयाबी" स्त्री विमर्श को विस्तार तो देती ही है समाज को भी एक नई दिशा देने में सक्षम है। नीतू की कहानी में आरंभ से अंत तक जिजीविषा बनी रहती है।

कथा-गोष्ठी के सशक्त स्तम्भ अशोक प्रजापति ने अपनी कथा पुस्तक "मंगेतर का मोबाइल" से चर्चा में आए। उनकी कहानी  "श्यामली की साईकिल" समकालीन जीवन की जड़ता के प्रमुख कारकों की शिनाख्त करने के साथ-साथ उसे तोड़ने की मिथ्या और बेचैनी को रेखांकित करती है। उन्होंने अपनी कहानी के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों को स्त्री विमर्श के केंद्र में लाने का प्रयास भी किया है।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में भगवती प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि-"यह सुखद संयोग है कि आज पढ़ी गई चारों कहानियां स्त्री विमर्श का सच उद्घाटित करती हैं। ये सकारात्मक सोच की प्रभावी कथाएँ हैं, जो सामाजिक रूढ़ियों को तोड़कर अपनी मंजिल हासिल करने का आह्वाहन करती हैं और संकीर्ण मानसिकता वाले लोगों में भी आत्मग्लानि के भाव भर कर एक आईना दिखाती हैं। गहरी संवेदना से लबरेज़ यह कथा-पाठ का कार्यक्रम इस मायने में भी यादगार रहा कि इसमें नये-पुराने कथाकारों की एक साथ प्रस्तुति हुई और सबने अपनी चुनिंदा कहानियाँ पेश कीं। अच्छे संयोजन के लिए मंच को भी साधुवाद!

इस कथा संगोष्ठी में, गोरखनाथ मस्ताना, सुशील साहिल, विनोद प्रसाद,पूनम आनंद, ऋचा वर्मा, नूतन सिंह, मधुरेश नारायण, संजीव कुमार, घनश्याम 'कलयुगी', पुष्प रंजन कुमार, प्रियंका श्रीवास्तव'शुभ्र आदि ने भी अपनी हिस्सेदारी और भागीदारी दी।
.........
संयोजक - सिद्धेश्वर
परिचय = अध्यक्ष :भारतीय युवा साहित्यकार परिषद मोबाइल नं
मोबाइल - 92347 60365 
ई-मेल: sidheshwarpoet.art@gmail.com







Sunday, 14 June 2020

विन्यास साहित्य मंच का अंतरजाल (इन्टरनेट) कवि-गोष्ठी 13.6.2020 को संपन्न

सत्य कहूँ तो जग को पीड़ा, / झूठ कहूँ तो मन रोता है
पत्रकार कवियों ने बहाई काव्य धारा

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए )




साहित्यिक संस्था "विन्यास साहित्य मंच" के तत्वावधान में ऑनलाइन काव्य-गोष्ठी-6 संपन्न

हमारे देश के कई पत्रकार अपनी लेखनी से सिर्फ खबरों का लेखन और संपादन ही नहीं करते, बल्कि साहित्य की सेवा भी करते हैं। ऐसे पत्रकार कवियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर देने के लिए विन्यास साहित्य मंच ने शनिवार 13 जून 2020 को ऑनलाइन काव्य गोष्ठी-6 का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में देश के हिंदी भाषी राज्यों से 14 पत्रकार कवियों ने शिरकत की। करीब ढाई घंटे तक चले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका 'नई धारा' के संपादक एवं कवि डॉ शिवनारायण ने की। इस कार्यक्रम में वाराणसी से प्रवीण पांडे, अरविंद मिश्रा, कलकत्ता से डॉ अभिज्ञात, एकलव्य केसरी, मध्यप्रदेश के सतना से दीपक गौतम, नॉएडा से अम्बरीष पांडेय, पटना से डॉ पल्लवी विश्वास, डॉ लीना, आशुतोष अनत, डॉ प्रणय प्रियंवद,  मोइन गिरिडीहवी ने शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन दिल्ली से चैतन्य चंदन ने और धन्यवाद ज्ञापन विन्यास साहित्य मंच के अध्यक्ष और वरिष्ठ कवि घनश्याम ने की। कार्यक्रम के दौरान श्रोता के तौर पर भी कई लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में सन्मार्ग पटना के समाचार संपादक आशुतोष अनत ने पत्रकारों के दर्द को अपनी कविता में पिरोते हुए सुनाया - 
मैं पत्रकार हूं
अंधेरी रात में
टिमटिमाते तारों को देखता
सप्तऋषि का
मरियल -सा सातवां तारा,
हंसता ध्रुवतारा
रपटीली राहों पर मद्धिम-सी रोशनी का
तलबगार हूं।
मैं पत्रकार हूं...

जी मीडिया नोएडा में बतौर वरिष्ठ पत्रकार कार्यरत अम्बरीष पांडे ने इश्क़ के गणित को कुछ इस प्रकार समझाया -
मैं गणित में शून्य हूँ,
अपने जीवन का शून्य भरने के लिए,
मैंने "तुम" को चुना है,
जैसे शून्य के आगे कोई अंक लिख दो,
तो उसका मान बढ़ जाता है न,
तुम वही अंक हो, जो मेरे आगे हो...
मेरा भी मान बढ़ गया है "तुम" से...

सतना से स्वतंत्र पत्रकार दीपक गौतम ने दंगों के ही ज़िंदा रहने की बात उन्ही की जुबानी सुनाई -
मैं दंगा हूँ, मैं दंगा हूँ।
मैं लाल लहू से रंगा हूँ
नफरत ही लिबास है मेरा
असल में, मैं तो नंगा हूँ।
बढ़ती हिंसा के इस दौर में
मैं सबसे भला और चंगा हूँ।
असल में तुम सब मुर्दा हो,
बस एक मैं ही जिंदा हूँ।
मैं दंगा हूँ, मैं दंगा हूँ।

पटना से कलानेत्री और पत्रकार डॉ पल्लवी विश्वास ने शांति और अशांति की राजनीति को कविता में पिरोते हुए समझाया -
विश्व शांति समझौतों पर हस्ताक्षर करते करते
हमने यह ज़रूर समझ लिया कि 
शांति की 'बात' करते हुए ही 
संसार को चलाना है ।

मीडिया मोरचा पत्रिका की संपादक डॉ लीना ने कोरोना काल में लोगों की लाचारगी को काव्य सूत्र में पिरोते हुए कहा -
कभी अपनों को देना कान्धा
कभी "उनकी" देह को आग देना
तो करना पति का श्राद्ध
कभी अकेले- अकेले!
ओह कोरोना
अब नहीं सीखना
कि
जीते जी बहुत रुलाया तुमने!

क़ौमी तंज़ीम अखबार के संपादक मोईन गिरिडीहवी ने औरतों की समझदारी को अपनी ग़ज़ल के माध्यम से बताया -
औरतें 'इशारों की बोलियां' समझती हैं
जैसे कृष्ण की बंसी गोपियां समझती हैं
रंग कम लगाते हैं मलते हैं बदन ज़्यादा
देवरों की नीयत को भाभियां समझती हैं
               
पटना से दैनिक भास्कर के पत्रकार डॉ प्रणय प्रियंवद ने "मिट्टी का मोह क्या करना" शीर्षक कविता के माध्यम से मृत व्यक्ति के प्रति संवेदनहीनता को उद्धृत किया -
उनके इंतज़ार में कब से शव था रखा पड़ा
घर में विलाप था पसरा हुआ
पूरे सत्ताइस घंटे के बाद वे पहुंच पाये
पिता के शव को पैरों के तरफ से प्रणाम किया
मन ही मन बुदबुदाये।
फिर आंगन में खड़े सबसे बुजुर्ग से कहा
दादा आप तो समझदार थे…
शव का घर में इतने घंटों रहना शुभ नहीं
यह देह तो अब मिट्टी हुई
मिट्टी का मोह क्या…

वाराणसी से स्वतंत्र पत्रकार प्रवीण पांडे ने खुद से एक सवाल पूछते हुए कहा -
सत्य कहूँ तो जग को पीड़ा,
झूठ कहूँ तो मन रोता है ....
ऐसा आखिर क्यों होता है!

वाराणसी से ही हिंदुस्तान दैनिक के वरिष्ठ पत्रकार अरविंद मिश्र 'शांत' ने अपनी ग़ज़ल से खूब वाहवाही लूटी -
एक हवा ने रुख रिश्तों का मोड़ दिया
देखो जड़ ने साथ तने का छोड़ दिया
तना तरफदारी करता है कांटों की
फूलों ने भी यह जुमला बेजोड़ दिया

कोलकाता से कार्यक्रम में शिरकत कर रहे सन्मार्ग अखबार के वरिष्ठ पत्रकार डॉ अभिज्ञात ने स्त्रियों की खुशी को अपनी कविता के माध्यम से इस प्रकार रेखांकित किया -
स्त्री जब खुश होती है तो नाचती है
तुमने कितनी स्त्रियों को नाचते देखा है

कोलकाता से ही इंडिया इनसाइड के पत्रकार एकलव्य केसरी ने मज़दूरों की विवशता को अपनी कविता के माध्यम से बयान किया -
सर पर धरकर बोरा बिस्तर
मजदूर सड़क पर आता है
न पैरों में जूते-चप्पल
फिर भी मीलों चल जाता है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे दिल्ली के पत्रकार चैतन्य चंदन ने अपनी ग़ज़ल के माध्यम से लोगों की भूलने की आदत को रेखांकित किया -
इबादत में जो सर अपना झुकाना भूल जाते हैं
वो रिश्तों को अकीदत से निभाना भूल जाते हैं
सियासी खेल में बन जाते हैं मोहरे जो सत्ता के
वो फैलाते हैं बस नफ़रत, हँसाना भूल जाते हैं

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि और नई धारा पत्रिका के संपादक डॉ शिवनारायण ने कहा -
ऊपर  ऊपर क्या  पढ़ लोगे
जीवन यह अखबार नहीं है
जो खुशियों पर ताला जड़ दे
ऐसी   भी   सरकार  नहीं  है

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विन्यास साहित्य मंच के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवि घनश्याम ने अपनी ग़ज़ल के माध्यम से अपनी व्यथा सुनाई -
अलग तुमसे नहीं मेरी कथा है
तुम्हारी ही व्यथा मेरी व्यथा है
ये गूंगे और बहरों का नगर है
किसी से कुछ यहां कहना वृथा है।
.....

रपट के प्रस्तोता - चैतन्य उषाकिरण चन्दन
प्रस्तोता का ईमेल आईडी - luckychaitanya@gmail.com
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईईडी - editorbejodindia@gmail.com














 




Thursday, 11 June 2020

अखिल भारतीय अग्निशिखा मंच का ऑनलाइन कवि सम्मेलन का 45 वाँ अंक 7.6.2020 को संपन्न

पत्थर के नगरों में बसेंगे पत्थर के इंसान
 विषय  थे- लोरी, शहरी करण पर प्रहार , तथा पत्नी का पति पर प्रहार

( FB+ Bejod  -हर 12 घंटे पर देखिए / ब्लॉग में शामिल हों- यहाँ क्लिक कीजिए  / यहाँ कमेंट कीजिए )



कोरोना महामारी के कारण दो माह से अधिक समय तक चले आ रहे लॉकडाउन ने रोगियों की वृद्धि दर पर तो लगाम लगाया ही, साथ ही साथ साहित्यिक उत्पादन दर में उल्लेखनीय उछाल लाने में भी सफलता पाई।

अखिल भारतीय अग्निशिखा मंच का ऑनलाइन कवि सम्मेलन बहुत सफल रहा जिसमें कुल मिलाकर 95 प्रतिभागी सम्मिलित हुए यदि अतिथिगण को भी जोड़ लिया जाए तो 100 से ऊपर थे।

इस वजह से इस कार्यक्रम को दो सत्रों में रखा गया. पहला सत्र 4 बजे से 6 बजे तक दूसरा 6:15 से 8:15 तक।

अब साप्ताहिक चल रहे इस कार्यक्रम का 7.6.2020 रविवार को 45 वाँ दिवस था औऱ विषय तीन निर्धारित किए गए थे:- लोरी, शहरी करण पर प्रहार , तथा पत्नी का पति पर प्रहार-हास्य रस, जिन पर यह पर आयोजित किया गया।

मंच की अध्यक्ष अलका पाण्डेय ने बताया कि लाकडाऊन और कोरोना जैसी महामारी के दौर में यह जरुरी था की हमारी सोच को हम सकारात्मक रखे व समय का सदुपयोग करे । एक रचनाकार को लिखने से अच्छा और काव्यपाठ से अच्छा और भला क्या ! बस इस लिये विभिन्न विषयों पर रोज़ काव्य सम्मेलन किया जा रहा था! अब जब लाकडाऊन कुछ कुछ ढीला हो रहा तो हर रविवार ४ से ७ / तक कर दिया है !  और घर रहकर देश विदेश में बैठे साहित्यकारों को भी एक मंच पर लाना हिंदी साहित्य का प्रचार प्रसार नित्य नया सृजन और नये साहित्यकारों को भी अवसर देना।

हर बार नया विषय होता है । इस बार के कविसममेलन प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि- सेवा सदन प्रसाद  (वरिष्ठ लघुकथा कार) निर्णायक - डा. अंरविद श्रीवास्तव असीम। मंच संचालन - डॉ अलका पाण्डेय, डॉ प्रतिभा कुमारी पराशर, चंदेल साहिब (बिलासपुर हिमाचल) थे। माँ शारदे की वंदना की पदमा तिवारी ने, आभार मधु वैष्णव ने किया। उसके  बाद कोरोना योद्धाओं का सलामी दी व कार्यक्रम को शुरु किया।

दूसरे सत्र के मुख्य अतिथि- डॉ सुशीला जी ( लेखिका) निर्णायक - डॉ रामस्वरुप साहू ( वरिष्ठ साहित्यकार) मंच संचालक -  शोभा रानी तिवारी , जनार्दन शर्मा , रिशू पाण्डेय, अलका पाण्डेय, चंदेल साहिब ने किया!

अध्यक्ष अलका पांडेय के द्वारा प्रस्तुत पंक्तियाँ थीं-
"प्रकृति का करने लगे विनाश 
धरा के लिये बना है अभिशाप !
ख़त्म कर रहे है देखो हरियाली 
धधक रही है सूरज की प्याली !

चंदेल साहिब*बिलासपुर*  *हिमाचल प्रदेश* कहते हैं -
मुझे नहीं भाता ये दुनिया का संगीत
प्यारी सी मीठी सी लोरी चाहता हूँ
माँ के आँचल में सोना चाहता हूँ

 रानी नारंग कहती हैं -
शहरों की बढ़ती आबादी जगह नहीं है रहने को
सीमेंट की इमारतें यहां और सड़कें कंक्रीट की

शकुंतला (पावनी ), चंडीगढ़।कहती है -
धरा हमारी अनुपम, अद्भुत
सुंदर बहुत है इसका रूप,

 डॉ.पुष्पा गुप्ता, मुजफ्फरपुर बिहार से लिखती हैं -
 चंदा लोरियां सुनाए   
 हवा झुलना झुलाए                                       
रानी निंदिया सुलाए                                        
मेरे लाल  को ~~~  
                           
शेखर तिवारी आबूदावी कहते है
कोई अगर बेरुखी से भरा हो तो, 
उसके आगे आंसू बहाने की, जरूरत क्या है।।

रागनी मित्तल -कटनी -
चांद होता है जिससे रोशन वो चांदनी हूं।
आग दरिया में लगा दे मै वो दामिनी हूं।
सुना है आपके दिल में भी बजती सरगम

डॉ. दविंदर कौर होरा इंदौर- का कहना है -
- मां की चुनर में महक ममता की होती है
मां की लोरियों में बेटी परी ही होती है |

पद्माक्षी शुक्ल, पुणे से कहती हैं -
 ये सप्तरथक की आये सवारी,
रंगोसे भर दे ,बादल की क्यारी,
किरणों से छाये धरती सारी,
मुझे लगती, भोर प्यारी

संजय कुमार मालवी (आदर्श) इंदौर. से कहते है -
आज प्यासे अधरों पर
बारिश की पहली बून्द पड़ी है 

मंजुला अस्थाना महंती -
भुवनेश्वर ओडिशा का कहना है "शहरीकरण
ऊँची ऊँची इमारतें बड़े बड़े मकान 
बेहद खूबसूरत औ बड़े आलीशान 
ऐसा भी वक्त आयेगा क्या था ज्ञान किसी को 
पत्थर के नगरों में बसेंगे पत्थर के इंसान।

सिद्धार्थ तलवरे ...
बड़ी ही खूबसूरत शाम थी, वो तेरे साथ की,
अब तक खुशबू नही गई, मेरी कलाई से तेरे हाथ की...

सुरेन्द्र हरडे- नागपुर कहते है
फुलों सा मन, च़ंदन सा तन,।
काया है कंचन।

डा. महतब आज़ाद का कहना ..
जब से रहा न साथ तेरा जिंदगी के साथ!
दिल का सुकूँ भी खो गया लब की हंसी के साथ!

डॉ मीना कुमारी परिहार 'पटना से कहती है
चांदनी रे झूम
अंखियों में छोटे-छोटे सपने सजाके..
बहिनों में झूले मेरी बिटिया रानी...

सबने बहुत सुंदर रचना प्रस्तुत की सात घंटे चले इस कार्यक्रम के प्रतिभागी थे -
अंकिता सिन्हा, सुनीता चौहान हिमाचल प्रदेश, मंजुला वर्मा हिमाचल प्रदेश, द्रोपती साहू छतीसगढ़, डॉ गुरिंदर गिल, सीमा दुबे सांझ, सुषमा शुक्ला इंदौर, सुनीता अग्रवाल मध्यप्रदेश, पुष्पा गुप्ता बिहार, मंजुला अस्थाना महंतीमदन मोहन शर्मा (कोटा) शुभा शुक्ला रायपुर , संजय कुमार मालवी इंदौर, अख़्तर अली शाह म.प्र. दमा ओजेंद्र तिवारी दमोह प्रतिभा द्विवेदी मुस्कान म. प्र. रागिनी मित्तल, सुरेंद्र कुमार उपाध्याय झारखंड मीना कुमारी परिहार पटना, दीपा परिहार ,इंद्राणी साहू साँची , ओमप्रकाश पांडेय, डॉ रश्मि शुक्ला प्रयाग राजकल्पना भदौरिया स्वप्निल ) डॉ नेहा इलाहाबादी मुन्नी गर्ग, गोवर्धन लाल बघेल स्मिता धिरासरिया बरपेटा मीना गोपाल त्रिपाठी म.प्र. वंदना रमेश चंद्र शर्मा देवा मनीषा व्यास, डॉ लीला दीवान डॉ अंजुल कंसल कनुप्रिया सुषमा शुक्ला इंदौर शेखर राम कृष्ण आबूधाबीसुनीता अग्रवाल उपेंद्र अजनबी गाजीपुर डा. महताब आजाद त्तर प्रदेश हीरा सिंह कौशल हिमाचल प्रदेश डॉ धारा बल्लभ पांडेय अल्मोड़ा पद्माक्षी शुक्ल "पुणे गजेंद्र कुमार घोघरे सेवा सदन प्रसाद अरविंद श्रीवास्तव" चंदेल साहिब" बिलासपुर हिमाचल प्रदेश प्रतिभा कुमारी पराशर" विष्णु असावा बदायूँ ज्योति भाष्कर सहरसा बिहार संजय कुमार मिश्र अणु (बिहार) डॉ उषा पांडेय कोलकाता समुंदर सिंह हसपुर डॉ उषा पांडेय कोलकाता समुंदर सिंह हसपुरा बिहार आचार्य सूर्य प्रसाद रायबरेली अर्चना पाठक अम्बिकापुर दिनेश शर्मा इंदौर अनिता शरद झा अलका जैन आंनदी मुंबई कमल कालू दहिया ज्ञानेश कुमार मिश्रा रामेश्वर प्रसाद मुंबई चन्द्रिका व्यास शीला कुमारी झारखंड गणेश रामदास निकम महाराष्ट्र गरिमा जी लखनऊ शोभा रानी तिवारी, कवि आनंद जैन अकेला कटनी मीरा भार्गव सुदर्शना कटछ गनराज राव , दीप जोधपुर कल्पना भदौरिया स्वप्निल कांता अग्रवाल, आशा जाकड़ सावित्री तिवारी दमोह रविशंकर कोलते नागपुर विजया बाली जोधपुर) रजनी अग्रवाल जोधपुर उध्दव समिन्द्रे महाराष्ट्र सुरेंद्र हरडे कवि नागपुर गीता पांडेय बेबी जबलपुर प्रिया उदयन केरला , वैष्णो खत्री जबलपुर ज्योति जलज हरदा रेखा पांडे रीत, डॉ नीता श्रीवास्तव वसई डॉ साधना तोमर कवि शरद अजमेरा वकील भोपाल सुरेंद्र कुमार जोशी देवास डॉ संगीता पाल- कच्छ" मधु वैष्णव मान्या जोधपुर" "जनार्दन शर्मा आशु  कवि" रिशू पाण्डेय डॉ सुशिला पाल डॉ रामस्वरुप साहू।

सब ने एक दूसरे को सुना व सराहा निर्णायकों ने स्पष्ट टिप्पणी दी सबको बहुत कुछ सीखने व समझने को मिलता है। इस कार्यक्रम की विशेषता है कि कोई छोटा बड़ा नही सब एक-दूसरे से से सीखते हैं व कुछ  बताया करते है।

और इस तरह से सौहार्दपूर्ण माहौल में कार्यक्रम का सपापन हुआ।
....

रपट की लेखिका - डॉ अलका पाण्डेय
लेखिका का ईमेल आईडी - alkapandey74@gmail.com
प्रतिक्रिया हेतु इस ब्लॉग का ईमेल आईडी - editorbejodindia@gmail.com